जंगल में मिले अज्ञात युवक के शव पुलिस जाँच में जुटी

Follow Us

महासमुंद।जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र स्थित ओंकारबंद जंगल में मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव मिलने के बाद से पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है और आसपास के जिलों व थाना क्षेत्रों से भी संपर्क किया जा रहा है। बावजूद इसके मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। अब पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से आम लोगों से सहयोग की अपील की है। जानकारी के अनुसार, खल्लारी थाना क्षेत्र के ओंकारबंद जंगल में एक युवक का शव बरामद किया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वैधानिक पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को सुरक्षित रखने के लिए रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के शव गृह में रखवाया है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच है। युवक का रंग सांवला से गहरा सांवला बताया गया है। उसके बाल काले, छोटे और घुंघराले हैं। शव मिलने के समय उसने काले-लाल रंग की बनियान और काले रंग का लोवर पहन रखा था। पैरों में सफेद और काले रंग के स्पोर्ट्स शूज थे। खल्लारी थाना पुलिस लगातार गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। हालांकि अब तक कोई ऐसा सुराग नहीं मिला है जिससे मृतक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव की पहचान होना जांच के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच को आगे बढ़ाया जा सकेगा। इसी उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम और खल्लारी थाना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवक के हुलिए और पहनावे की जानकारी सार्वजनिक की है। लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके गांव, मोहल्ले, रिश्तेदारी या परिचितों में इस हुलिए का कोई युवक लापता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि आम लोगों द्वारा दी गई छोटी सी जानकारी भी मृतक की पहचान कराने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है। खल्लारी थाना पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी के पास युवक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस अधिकारियों से तुरंत संपर्क करे, ताकि मृतक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।