सरगुजा। जिले के बतौली क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बाइक चला रहे 7 नाबालिग स्कूली छात्रों को पकड़ा। पुलिस ने सभी बाइकों को जब्त कर पिकअप वाहन से थाने पहुंचाया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
बुधवार सुबह शांतिपारा में थाना प्रभारी विवेक सेंगर के निर्देशन में चलाए गए अभियान का उद्देश्य नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना था। जांच के दौरान स्कूलों में पढ़ने वाले सात छात्र बिना वैध अनुमति के बाइक चलाते मिले।
पुलिस ने बताया कि नाबालिगों के वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और यह यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है। थाना प्रभारी विवेक सेंगर ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाकर स्कूल न भेजें। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
