रायपुर में अपराधों पर पुलिस की कार्रवाई, नकली सोने से 3.90 लाख की ठगी से लेकर बैंक में चोरी की कोशिश तक मामले दर्ज

Follow Us

रायपुर । राजधानी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में धोखाधड़ी, चोरी, बैंक में सेंधमारी और अवैध हथियार रखने के मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज किए हैं। उरला थाना क्षेत्र में नकली सोने के आभूषण गिरवी रखकर 3.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। वहीं आमानाका थाना क्षेत्र में बैंक का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की गई। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी और अवैध चाकू रखने के मामले भी सामने आए हैं।
नकली सोना गिरवी रखकर 3.90 लाख की ठगी: उरला थाना क्षेत्र के मेन रोड बीरगांव स्थित वैभव ज्वेलर्स में आरोपियों ने नकली सोने के आभूषण गिरवी रखकर 3 लाख 90 हजार रुपये ले लिए। दुकान संचालक वैभव सोनी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

पार्किंग से बाइक चोरी: मौदहापारा थाना क्षेत्र में रसबांधा मैदान स्थित दैनिक भास्कर पार्किंग से फैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी हो गई। शिकायतकर्ता राजेश कुमार देवांगन के अनुसार उनकी बाइक क्रमांक सीजी 07 बीएल 7648, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

बैंक का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश: आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर प्रवेश किया। चोर ने बैंक की संपत्ति और लॉकर को चोरी करने की नीयत से तोडफ़ोड़ की। बैंक अधिकारी गणेश कुमार मिश्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जुआ खेलते दो गिरफ्तार: आजाद चौक थाना क्षेत्र के काली चौक भोंईपारा में पुलिस ने जुआ खेलते दो लोगों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते और 4,110 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।चाकू लेकर घूमने पर गिरफ्तारी: राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने काके दी रसोई के सामने एक युवक को अवैध रूप से चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित करने के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सानू सैनी के रूप में हुई है। वहीं गुढिय़ारी थाना क्षेत्र में रामनगर सब्जी बाजार के पास शेख अब्बास को अवैध चाकू रखने के आरोप में पकड़ा गया। दोनों मामलों में पुलिस ने हथियार जब्त कर कार्रवाई की है।