दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर के पटवारी हड़ताल पर, पदोन्नति और वेतन विसंगति दूर करने की मांग

Follow Us

बलौदाबाजार में दशहरा मैदान पर प्रदर्शन, 2013 के बाद प्रमोशन नहीं होने का आरोप

बलौदाबाजार। दो सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को प्रदेशभर के पटवारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पटवारियों ने भी जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में प्रदर्शन कर शासन से पदोन्नति प्रक्रिया में सुधार और वेतन विसंगति दूर करने की मांग उठाई।

पटवारियों ने मांग की कि राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार के पदों पर पदोन्नति में वरिष्ठता और विभागीय परीक्षा के आधार पर 50-50 प्रतिशत अवसर दिए जाएं। साथ ही लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगति को भी दूर किया जाए।

पटवारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में राजस्व निरीक्षकों के कई पद खाली हैं, लेकिन वर्ष 2013 के बाद से पटवारियों का पदोन्नति नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में निराशा का माहौल है। उनका कहना है कि योग्य और अनुभवी पटवारियों को विभागीय परीक्षा एवं वरिष्ठता के आधार पर प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रांत स्तर पर बैठक कर आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। वर्तमान में एक दिवसीय हड़ताल के माध्यम से सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया है।