चेन्नई। दक्षिण भारतीय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री और पद्मश्री विजेता सौकार जानकी का निधन हो गया है। उन्हें वृद्धावस्था संबंधी बीमारी के कारण चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आईसीयू में उनका इलाज जारी था। यह जानकारी अभिनेता कायल देवराज ने सोशल मीडिया पर दी थी। नादिगर संगम के अध्यक्ष एम नासिर ने ताजा अपडेट देते हुए अभिनेत्री के निधन की पुष्टि की है। इसके बाद से फिल्म जगत और फैंस जानकी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, नासिर ने एक बयान के माध्यम से बताया कि दिग्गज अभिनेत्री का 21 अगस्त को 94 वर्ष की उम्र में अस्पताल में भर्ती होने के बाद दोपहर 1:59 बजे निधन हो गया। बयान में कहा गया, दिग्गज स्टार सौकार जानकी (94) का देहांत हो गया है। उनके पार्थिव शरीर को शाम 5 बजे सेंटोफ रोड, तेयम्पेट में रखा जाएगा।
बता दें, जानकी का चेन्नई स्थित कावेरी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जानकी का जन्म आंध्र प्रदेश के राजामंड्री में एक कन्नड़ परिवार में हुआ था। कम उम्र में शंकरमंची श्रीनिवास राव से शादी के बाद, उन्होंने आकाशवाणी मद्रास में रेडियो जॉकी के रूप में करियर शुरू किया। 1950 में, उन्होंने एलवी प्रसाद द्वारा निर्देशित तेलुगु फिल्म शवुकारु से सिनेमा में डेब्यू किया। फिर वलयपति, देवकन्निका और वरुधिनी परिणयम समेत कई चर्चित फिल्में व टीवी शो किए।
2022 में, सिनेमा में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री का सम्मान मिला था।
