दंतेवाड़ा। भारतीय जनता युवा मोर्चा दंतेवाड़ा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जावंगा, एजुकेशन सिटी में स्थित सक्षम दिव्यांग एवं शारीरिक रूप से अक्षम बच्चों की संस्था में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने संस्था में रह रहे दिव्यांग एवं शारीरिक रूप से अक्षम बच्चों को शिक्षण सामग्री -कॉपी, पेन, पेंसिल व मिष्ठान -बिस्किट एवं चॉकलेट का वितरण किया तथा बच्चों से आत्मीय भेंट की।
इस अवसर पर युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के जीवन से हमें सेवा ही संगठन का मंत्र मिला है। समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना ही युवा मोर्चा का लक्ष्य है। बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान ने हमारे इस सेवा कार्य को सार्थक कर दिया। कार्यक्रम में युवा मोर्चा दंतेवाड़ा के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
