मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री निमरत कौर जल्द ही एक नए और गंभीर विषय पर बनी ओटीटी सीरीज में नजर आने वाली हैं। उनकी आगामी वेब सीरीज ‘जॉब ट्रैफिकिंग’ ऑनलाइन स्कैम और नौकरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी की खतरनाक दुनिया को सामने लाएगी। सीरीज की शूटिंग शुरू हो चुकी है। आठ एपिसोड वाली इस हाई-इंटेंसिटी सर्वाइवल ड्रामा का निर्देशन प्रशांत नायर कर रहे हैं, जिन्होंने इसकी कहानी भी लिखी है। इसका निर्माण सेलेक्ट मीडिया होल्डिंग्स और चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है। सीरीज को अमेजन प्राइम वीडियो ने आधिकारिक तौर पर अनाउंस किया है।
इस प्रोजेक्ट में निमरत कौर के साथ रोशन मैथ्यू, काव्या त्रेहान और पवन मल्होत्रा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां युवाओं को विदेशों में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर फंसाने वाले ऑनलाइन गिरोहों की सच्चाई दिखाई जाएगी। ‘जॉब ट्रैफिकिंग’ में पिग बुचरिंग जैसे ऑनलाइन फ्रॉड को भी दिखाया जाएगा। मेकर्स के अनुसार, सीरीज में इमोशन, थ्रिल, संघर्ष और सस्पेंस का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा। फिलहाल इसकी रिलीज डेट का ऐलान नहीं हुआ है।
