छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी रात की ठंड, उत्तरी इलाकों में 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है, जबकि दिन में हल्की गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे रात के समय ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, आने वाले दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 नवंबर तक रायपुर का न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सुकमा में सबसे अधिक 32.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। सरगुजा जिले में बुधवार सुबह एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है। इससे सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, ठंड का असर पूरे प्रदेश में एक जैसा नहीं रहेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश के आसार नहीं हैं। अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना भी नहीं जताई गई है।