सुकमा। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सुकमा जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है। इसी कड़ी में कोंटा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मिसमा में नया आधार सेवा केंद्र एवं अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र विधिवत प्रारंभ किया गया है। कभी माओवाद के प्रभाव से प्रभावित रहे इन दूरस्थ क्षेत्रों में अब शासन की डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ने से ग्रामीणों को शासकीय दस्तावेज बनवाने और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का सहज अवसर मिलेगा। यह पहल प्रशासन की ग्रामीणों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
नए आधार सेवा केंद्र से मिसमा सहित आसपास के पांच दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। सामसेट्टी, पिन्नाभेज्जी, मुंदपल्ली, चिचोरगुड़ा और पुनपल्ली के ग्रामीणों को अब आधार संबंधी सेवाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होने से समय और संसाधनों की बचत होगी तथा ग्रामीणों के लिए सरकारी सेवाओं तक पहुंच और अधिक आसान एवं सुविधाजनक बनेगी। प्रशासन की इस पहल से इन क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण को नई गति मिलने के साथ ग्रामीणों में शासन की योजनाओं और सेवाओं के प्रति जुड़ाव भी और मजबूत होगा।
आधार सेवा केंद्र के नियमानुसार विभिन्न आधार सेवाएं निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें नया आधार पंजीयन, बायोमेट्रिक अपडेट तथा डेमोग्राफिक अपडेट के अंतर्गत नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल जैसी जानकारियों में आवश्यक संशोधन की सुविधा शामिल है। दूरस्थ अंचलों में आधार एवं डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता को प्रशासन द्वारा ग्रामीण विकास और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मिसमा में शुरू हुआ यह केंद्र न केवल ग्रामीणों की रोजमर्रा की प्रशासनिक जरूरतों को आसान बनाएगा, बल्कि क्षेत्र में डिजिटल क्रांति और विकास की नई तस्वीर भी प्रस्तुत करेगा।
