देवेंद्र यादव के कुर्ते को लेकर नया विवाद, वायरल वीडियो पर उठे सवाल

Follow Us

बिलासपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद विधायक देवेंद्र यादव एक नए विवाद में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर कुर्ता फाड़ने का आरोप लगाने वाले विधायक स्वयं अपना कुर्ता फाड़ते नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि NSUI कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहु के आवास का घेराव करने का प्रयास किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी थी। घटना के बाद विधायक ने आरोप लगाया था कि पुलिस कार्रवाई में उनका कुर्ता फाड़ दिया गया।

हालांकि, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी और सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। वहीं, प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश और बिना अनुमति प्रदर्शन करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने विधायक समेत नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।