मुंबई। बॉलीवुड की ‘हिट मशीन’ और मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ आज (6 जून) अपना 38वां जन्मदिन मना रही हैं। कभी ऋषिकेश की गलियों में बचपन गरीबी में गुजारने वाली नेहा आज करोड़ों दिलों पर राज करती हैं और एक बेहद लैविश लाइफ जीती हैं। उनके करियर की शुरुआत महज 4 साल की उम्र में अपनी बड़ी बहन सोनू कक्कड़ के साथ माता के जगराते में भजन गाने से हुई थी। इसके बाद वह दिल्ली शिफ्ट हुईं और 11वीं क्लास में रहते हुए रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 2’ में बतौर कंटेस्टेंट हिस्सा लिया। हालांकि, वह वहां रिजेक्ट हो गई थीं, लेकिन आज अपनी कड़ी मेहनत के दम पर वह उसी शो की जज हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेहा कक्कड़ आज करीब 112 करोड़ रुपये की नेटवर्थ की मालकिन हैं। वह बॉलीवुड की सबसे महंगी सिंगर्स में से एक हैं, जो एक गाने के लिए करीब 15 लाख रुपये और लाइव कॉन्सर्ट के लिए 80 लाख से 1 करोड़ रुपये तक चार्ज करती हैं। मुंबई में उनका 1.5 करोड़ का आलीशान घर और ऋषिकेश में एक शानदार बंगला है। गाड़ियों की बात करें तो उनके कार कलेक्शन में ऑडी, मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू जैसी कई महंगी लग्जरी कारें शामिल हैं। ‘काला चश्मा’ और ‘मिले हो तुम हमको’ जैसे दर्जनों ब्लॉकबस्टर गाने देने वाली नेहा की यह फर्श से अर्श तक की कहानी बेहद प्रेरणादायक है।
