मुंबई। बॉलीवुड की ‘क्वीन’ कंगना रनौत एक बार फिर पर्दे पर अपनी दमदार अदाकारी का जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित थ्रिलर फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान हो गया है। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। मनोज तपड़िया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल (Cama Hospital) में तैनात मेडिकल स्टाफ के अदम्य साहस पर आधारित है, जहां नर्सों ने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 400 मरीजों को सुरक्षित बचाया था। फिल्म में कंगना एक जांबाज नर्स की मुख्य भूमिका निभा रही हैं।
कंगना के प्रोडक्शन हाउस ‘मणिकर्णिका फिल्म्स’ ने फिल्म का एक बेहद प्रभावशाली पोस्टर जारी किया है, जिसे साझा करते हुए लिखा गया—”साधारण लोगों की एक असाधारण कहानी! इंसानियत की वो दास्तां, जब डर से कहीं बड़ा हौसला नजर आया।” फिल्म को लेकर कंगना ने गर्व जताते हुए कहा कि यह देशभक्ति का सबसे शुद्ध रूप है, जहां साधारण लोग आतंक और जिंदगी के बीच ढाल बनकर खड़े हो गए थे। फिल्म में कंगना के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे और रसिका अगाशे जैसे कई मंझे हुए कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे।
