एमसीबी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट (यूजी)-2026 का आयोजन 21 जून 2026 (रविवार) को जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिले में तीन परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें केंद्रीय विद्यालय झगराखांड, केंद्रीय विद्यालय मनेंद्रगढ़ तथा शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय मनेंद्रगढ़ शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। परीक्षा की पारदर्शिता और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। परीक्षार्थी एवं अभिभावक 07771-299057 और 8319310745 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
