नीट प्रोटेस्ट: Gen-Z छात्रों की कानूनी लड़ाई का चेहरा बनीं गुरमेहर कौर, कांग्रेस ने क्यों सौंपा बड़ा जिम्मा

Follow Us

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक को लेकर देशभर में हुए छात्र प्रदर्शनों के बाद कई युवाओं पर पुलिस कार्रवाई और एफआईआर दर्ज होने के मामले सामने आए हैं। इसी बीच कांग्रेस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को कानूनी सहायता देने के लिए ‘छात्रों की गूंज (CKG) लीगल SOS हेल्पलाइन’ शुरू की है। इस पहल की जिम्मेदारी सामाजिक कार्यकर्ता गुरमेहर कौर को सौंपी गई है, जिसे पार्टी की युवा रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

कांग्रेस का कहना है कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और उन्हें कानूनी मदद उपलब्ध कराई जाएगी। पार्टी ने हेल्पलाइन नंबर 98118-67474 जारी करते हुए छात्रों से जरूरत पड़ने पर संपर्क करने की अपील की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरमेहर कौर के साथ NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ और यूथ कांग्रेस नेता रिचा सिंह भी मौजूद रहीं।

गुरमेहर कौर को इस अभियान का चेहरा बनाने के पीछे कांग्रेस का मकसद युवा मतदाताओं, खासकर Gen-Z वर्ग से सीधा संवाद स्थापित करना माना जा रहा है। गुरमेहर लंबे समय से युवाओं और सामाजिक मुद्दों पर अपनी सक्रियता के लिए जानी जाती हैं। पार्टी का मानना है कि उनकी पहचान और युवाओं के बीच प्रभाव इस अभियान को अधिक विश्वसनीय और व्यापक बना सकता है। अब यह देखना होगा कि यह पहल छात्रों के बीच कितना असर छोड़ती है।