रायपुर। नगर निगम रायपुर ने शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम जोन-9 क्षेत्र अंतर्गत लाभांडी चौक में बने अवैध शेड को हटाने की कार्रवाई की गई।
नगर निगम जोन-9 के नगर निवेश विभाग और मुख्यालय नगर निवेश विभाग उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान शेड का निर्माण बिना सक्षम अनुमति के किया जाना पाया गया, जिसके बाद जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से अवैध निर्माण को हटाया गया।
यह कार्रवाई जोन-9 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के निर्देश पर सहायक अभियंता सैय्यद जोएब और उप अभियंता रवि प्रभात साहू की मौजूदगी में की गई।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैधानिक अनुमति के किए गए किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले नगर निगम से आवश्यक अनुमति जरूर लें और भवन निर्माण नियमों का पालन करें।
