नई दिल्ली। CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने संगठन से बातचीत के लिए हामी भर दी है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने CJP से जुड़े प्रतिनिधियों और सोनम वांगचुक से मुलाकात के बाद कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है और संगठन जब चाहे, तब चर्चा की जा सकती है। दिल्ली में जारी CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच जेपी नड्डा और सोनम वांगचुक के बीच करीब 45 मिनट तक मुलाकात हुई। इसके बाद नड्डा ने कहा कि सरकार संवाद के जरिए समाधान निकालने के लिए तैयार है।
वहीं, CJP ने भी सरकार के बातचीत के प्रस्ताव पर सहमति जताई है। संगठन के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि CJP बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं। सौरव दास ने कहा कि सरकार पहले यह कह रही थी कि CJP बातचीत नहीं करना चाहती, लेकिन अब सरकार ने खुद बातचीत की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि किसी भी मुद्दे का समाधान बातचीत से ही निकाला जा सकता है।
CJP प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि संगठन किसी नेता के घर या कार्यालय में जाकर बैठक नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यदि बातचीत करनी है तो सरकार के प्रतिनिधि जंतर-मंतर आएं या फिर किसी तटस्थ स्थान पर बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने कांस्टीट्यूशन क्लब जैसी जगह का सुझाव भी दिया। सौरव दास ने बताया कि दिल्ली पुलिस के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने भी संगठन से संपर्क किया था और सरकार की ओर से बातचीत का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि बातचीत की पहल प्रदर्शन शुरू होने के पहले ही होनी चाहिए थी। CJP का कहना है कि संगठन छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहा है और बातचीत के जरिए समाधान निकालने के लिए तैयार है।
