रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय और डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर के नाक, कान एवं गला (ENT) विभाग ने बैचलर ऑफ ऑडियोलॉजी एंड स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजी (BASLP) प्रथम वर्ष सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र और प्रॉस्पेक्टस संस्थान की वेबसाइट www.raipurbaslp.org से डाउनलोड कर सकते हैं। आवेदन पत्र को निर्धारित प्रारूप में भरकर स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड पोस्ट के माध्यम से जमा करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 13 अगस्त 2026 रखी गई है। विलंब शुल्क 100 रुपये अतिरिक्त देना होगा। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये और छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 350 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन शुल्क का डिमांड ड्राफ्ट “BASLP Course, Pt. J.N.M. Medical College, Raipur (C.G.)” के नाम से बनाना होगा। आवेदन पत्र Room No. 244, Department of ENT, Audiology and Speech Therapy Unit, Dr. B.R.A.M. Hospital, Raipur (C.G.) Pin-492001 के पते पर भेजना होगा।
प्रवेश प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक मेरिट सूची 20 अगस्त 2026 को संस्थान की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थी मेरिट सूची के संबंध में दावा-आपत्ति 31 अगस्त 2026 तक दर्ज करा सकेंगे। दावा-आपत्ति के लिए आवेदन हार्ड कॉपी के रूप में विभाग में जमा किया जा सकता है या ई-मेल के माध्यम से भेजा जा सकता है। दावा-आपत्ति के निराकरण के बाद अंतिम मेरिट सूची 9 सितंबर 2026 को जारी होगी। प्रवेश के लिए काउंसलिंग 16 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रवेश से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को प्रॉस्पेक्टस का अध्ययन करने और कार्यालयीन समय में दूरभाष नंबर 0771-2890137 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
