Mrs. India International Queen 2026: छत्तीसगढ़ की एंजेल चौकसे ने जीता खिताब, पूरे परिवार को दिया उपलब्धि का श्रेय

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर की एंजेल चौकसे ने Mrs. India International Queen 2026 का खिताब जीतकर शहर और प्रदेश का मान बढ़ाया है। एंजेल ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पूरे परिवार के विश्वास, सहयोग और प्रेरणा को दिया। एंजेल ने प्रेसवार्ता में बताया कि दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित Mrs. India International Queen 2026 प्रतियोगिता में भारत के साथ सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कतर, अमेरिका और लंदन से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पांच दिनों तक चली इस प्रतियोगिता के विभिन्न चुनौतीपूर्ण राउंड पार करते हुए वह फाइनल तक पहुंचीं और विजेता का ताज अपने नाम किया।

उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों में Miss Home Science का खिताब मिलने के बाद से ही उनका सपना बड़े मंच तक पहुंचने का था, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते यह सपना पीछे छूट गया। पति और परिवार के सहयोग से उन्होंने 42 वर्ष की उम्र में अपने सपने को फिर से जीने का फैसला किया और करीब एक वर्ष तक फिटनेस, ग्रूमिंग, कैटवॉक, पब्लिक स्पीकिंग तथा व्यक्तित्व विकास पर लगातार मेहनत की। एंजेल ने कहा कि उनकी यह सफलता केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे संयुक्त परिवार के विश्वास, सहयोग और प्रेरणा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अगर परिवार का साथ और आत्मविश्वास हो, तो किसी भी उम्र में अपने सपनों को साकार किया जा सकता है।