राजनांदगांव में जादू-टोने के शक में मां-बेटे की हत्या, तीन रिश्तेदार गिरफ्तार

Follow Us

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चौथना में मां और बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को मृतका कमला सोनकर पर जादू-टोना करने का संदेह था और परिवार के साथ उनकी पुरानी रंजिश भी थी। इसी शक के चलते वारदात को अंजाम देने का आरोप है। घटना 9 अक्टूबर की देर रात की बताई जा रही है, जब आरोपी कमला सोनकर के घर में घुसे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में कमला सोनकर और उनके बेटे खुमेंद्र सोनकर की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी ममता गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान हेमंत सोनकर, सोनू सोनकर और केसर सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हेमंत और सोनू सगे भाई हैं, जबकि केसर उनकी मां है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी परिवार में पहले हुई मौत, मां की बीमारी और कारोबार में आ रही परेशानियों के लिए कमला सोनकर को जिम्मेदार मानते थे। पुलिस का कहना है कि जादू-टोने का संदेह और पुरानी रंजिश इस हत्याकांड की वजह बने। वारदात के बाद केसर सोनकर पर साक्ष्य मिटाने की कोशिश करने का भी आरोप है।

डोंगरगढ़ के एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि घटना के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस घटना ने अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह के कारण होने वाली हिंसक घटनाओं पर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।