छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन सक्रिय रहेगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं (40 से 60 किमी प्रति घंटे) और वज्रपात की आशंका को देखते हुए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव से परेशानी बढ़ गई है।

धमतरी जिले में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बांधों का जलस्तर बढ़ गया है और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। संभावित बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को रायगढ़ में 13 सेंटीमीटर, पेंड्रा में 12 सेंटीमीटर, पुसौर और तमनार में 10-10 सेंटीमीटर तथा बरपाली में 9 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों और विकासखंडों में 3 से 7 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश पर कई सक्रिय मौसम प्रणालियों का प्रभाव बना हुआ है, जिनमें मानसून द्रोणिका, ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण और द्रोणिका शामिल हैं। इनके प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं सुकमा, महासमुंद, कबीरधाम, मुंगेली समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।