नई दिल्ली। पिछले सप्ताह की बड़ी गिरावट के बाद सोने की कीमतों में अब तेजी का दौर देखने को मिल रहा है। निवेशकों की खरीदारी और डॉलर में कमजोरी के चलते सोने को मजबूती मिली है। दिल्ली में लगातार तीसरे दिन सोने के दाम बढ़े हैं। बीते तीन दिनों में 24 कैरेट सोना करीब 940 रुपये और 22 कैरेट सोना 860 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो चुका है। आज दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,44,380 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,32,360 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। वहीं 18 कैरेट सोने की कीमत 1,08,320 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
देश के अन्य बड़े शहरों में भी सोने के भाव लगभग इसी स्तर पर बने हुए हैं। मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना 1,44,230 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बिक रहा है। दूसरी ओर, चांदी की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। औद्योगिक मांग में कमी के कारण चांदी 100 रुपये प्रति किलो सस्ती हुई है। दिल्ली में चांदी का भाव 2,34,900 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने में आई तेजी फिलहाल निवेशकों की खरीदारी और वैश्विक बाजार के संकेतों पर निर्भर है।

