छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय, अगले 7 दिन बारिश के आसार; कई जिलों में यलो अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर सहित कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जबकि दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश का दूसरा दौर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है। हालांकि अगले 24 घंटे तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में बारिश का असर अधिक रहने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। भारी बारिश की गतिविधियां सीमित क्षेत्रों तक ही रहने की संभावना है। इसके बाद कुछ दिनों तक बारिश में कमी आ सकती है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यदि यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ता है, तो प्रदेश में एक बार फिर अच्छी बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रतापपुर में 11 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लवन और बलौदाबाजार में 7-7 सेंटीमीटर, मनोरा में 6 सेंटीमीटर तथा दर्गी, ओडगी, पलारी और माना में 5 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में तेज बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन सभी क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।