नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन एक बार फिर तेज हो गया है। संसद मार्च के दौरान हुए टकराव के बाद पुलिस कार्रवाई से हटाए गए प्रदर्शनकारी मंगलवार को दोबारा धरना स्थल पर पहुंच गए। CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे। संसद मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
इस बीच, पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने छात्रों के मुद्दों को लेकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपील की कि छात्रों की मांगों को सुना जाना चाहिए और बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाना चाहिए। वहीं, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने घायल प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करने की बात कही है। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने पड़ोसी राज्यों को अलर्ट करते हुए प्रदर्शन में भीड़ जुटने को लेकर सतर्कता बढ़ाने को कहा है। फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

