मनोरंजन। मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल और निर्देशक जीतू जोसेफ की बहुप्रतीक्षित क्राइम थ्रिलर ‘दृश्यम 3’ जल्द ही OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होने जा रही है। यह फिल्म सिनेमाघरों में शानदार सफलता हासिल करने के बाद अब डिजिटल रिलीज़ के लिए तैयार है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘दृश्यम 3’ 18 जून 2026 से Prime Video पर स्ट्रीम होगी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया और रिलीज़ के शुरुआती 10 दिनों में ही 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था। दुनियाभर में इसकी कुल कमाई लगभग 236 करोड़ रुपये रही, जिससे यह मलयालम सिनेमा की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई है।
इस फिल्म में मोहनलाल एक बार फिर अपने चर्चित किरदार जॉर्जकुट्टी के रूप में नजर आएंगे। उनके साथ मीना, अंसीबा हसन, एस्तर अनिल, आशा शरथ और सिद्दीक भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की कहानी जॉर्जकुट्टी और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक हादसे के बाद कानूनी और सामाजिक चुनौतियों का सामना करता है। तीसरे भाग में इस रहस्य और रोमांच से भरी कहानी को आगे बढ़ाया गया है। OTT रिलीज़ का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए यह बड़ी खुशखबरी है कि अब वे घर बैठे इस लोकप्रिय क्राइम थ्रिलर का आनंद ले सकेंगे।
