फर्जी व्यक्ति से सावधान रहने की अपील, मीनाक्षी चौधरी ने फैंस को किया अलर्ट

Follow Us

हैदराबाद। फिल्म ‘लकी भास्कर’ में अपने शानदार अभिनय से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री मीनाक्षी चौधरी ने सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों और फॉलोअर्स को एक धोखाधड़ी के मामले को लेकर सतर्क किया है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि एक व्यक्ति उनके नाम का इस्तेमाल कर लोगों से संपर्क कर रहा है। मीनाक्षी ने संदिग्ध व्यक्ति का फोन नंबर साझा करते हुए लिखा, “यदि आपको इस नंबर से कोई कॉल या मैसेज प्राप्त होता है, तो कृपया इसकी रिपोर्ट करें। यह मैं नहीं हूं। जानकारी साझा करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।”

वर्क फ्रंट की बात करें तो मीनाक्षी चौधरी जल्द ही अभिनेता नागा चैतन्य के साथ फिल्म ‘वृषकर्मा’ में नजर आएंगी। इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। पौराणिक कथाओं पर आधारित इस थ्रिलर फिल्म का निर्देशन कार्तिक दांडू कर रहे हैं। फिल्म को पहले अस्थायी रूप से #NC24 नाम दिया गया था। फिल्म के निर्माताओं ने हाल ही में मीनाक्षी चौधरी का फर्स्ट लुक जारी किया था और बताया था कि वह फिल्म में ‘दक्ष’ नाम का किरदार निभा रही हैं। इससे पहले नागा चैतन्य ने एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘वृषकर्मा’ एक पौराणिक थ्रिलर फिल्म होगी, जिसमें बड़े पैमाने पर वीएफएक्स का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि अपने 15 साल के करियर में उन्होंने इतनी बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्म पहले कभी नहीं की है। फिल्म एडवेंचर और ट्रेजर हंटिंग की थीम पर आधारित होगी।

फिल्म का निर्माण बीवीएसएन प्रसाद कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी निर्देशक सुकुमार ने लिखी है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी नील डी कुन्हा ने की है और संगीत अजनीश लोकनाथ ने दिया है। वहीं, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नवीन नूली इसके संपादक हैं और आर्ट डायरेक्शन श्री नागेंद्र तंगला ने संभाला है।