महापौर अलका बाघमार की गाड़ी में लगी आग,बाल-बाल बचीं ; अरुण वोरा ने कहा—ईश्वर का शुक्र है, कोई जनहानि नहीं हुई

Follow Us

दुर्ग। दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार की गाड़ी में गुरुवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि महापौर की गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि महापौर अलका बाघमार बाल-बाल बच गईं और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना पर दुर्ग के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा ने चिंता जताते हुए कहा कि यह घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने ईश्वर का धन्यवाद करते हुए कहा कि सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वाहन का नुकसान निश्चित रूप से दुखद है, लेकिन किसी व्यक्ति को नुकसान न पहुंचना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी की कुशलता के लिए ईश्वर का धन्यवाद किया।