डेढ़ करोड़ की गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी

Follow Us

रायगढ़। लगभग ₹1.50 करोड़ मूल्य की 300 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी एवं मास्टरमाइंड शुभम यादव को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत थाना साइबर और थाना लैलूंगा की संयुक्त टीम ने कुंजारा के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गौरतलब है कि 5 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में करीब ₹1.86 करोड़ मूल्य की संपत्ति, जिसमें गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन शामिल थे, जब्त किए गए थे। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने शुभम यादव को पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया था।

इसके बाद साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। 8 जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी KIA कार से रायगढ़ क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस को देखकर वह तेज रफ्तार से भागने लगा, लेकिन सरहदी थानों की नाकेबंदी और संयुक्त टीम की घेराबंदी के बाद उसे कुंजारा के पास गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम यादव (29 वर्ष), निवासी विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई। उसके कब्जे से करीब ₹10.17 लाख मूल्य की KIA कार, मोबाइल फोन, घड़ी, ₹3,000 नकद, वाहन की आरसी, चाबी और तीन एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं।

पुलिस आरोपी से गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लाभार्थियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत केवल तस्करों को ही नहीं, बल्कि पूरे अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क और उसके मास्टरमाइंड तक पहुंचकर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।