रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल सुशासन पहल सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बना रही है। पोर्टल के माध्यम से अब विवाह पंजीयन समेत 441 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड के ग्राम झिलमिली निवासी रजनी डहरिया और रितिकरोशन डहरिया ने सेवा सेतु पोर्टल के जरिए अपने विवाह का ऑनलाइन पंजीयन कराया। विवाह प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने पर उन्होंने ग्राम पंचायत में आयोजित जागरूकता शिविर से पोर्टल की जानकारी प्राप्त की और ऑनलाइन आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका आवेदन स्वीकृत हुआ और विवाह प्रमाण पत्र की डिजिटल कॉपी सीधे उनके मोबाइल पर उपलब्ध करा दी गई। साथ ही प्रमाण पत्र की हार्ड कॉपी भी उन्हें प्रदान की गई।
रजनी डहरिया ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक रही। उन्हें किसी कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े और घर बैठे ही विवाह प्रमाण पत्र मिल गया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी है।
छत्तीसगढ़ शासन का सेवा सेतु पोर्टल शासकीय सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाते हुए डिजिटल सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
