इतिहास रचते हुए एन. रंगासामी ने 5वीं बार ली पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ

Follow Us

पुडुचेरी। एन. रंगासामी ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।लोक भवन में आयोजित भव्य समारोह में उपराज्यपाल कैलाश नाथन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और वरिष्ठ नेता बी.एल. संतोष भी मौजूद रहे। ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के संस्थापक रंगासामी के नेतृत्व में NDA गठबंधन ने विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज की। 30 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन को 16 सीटें मिलीं, जिससे पुडुचेरी में एक बार फिर NDA सरकार का गठन हुआ।

AINRC ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ते हुए 12 सीटों पर जीत हासिल की और 75 प्रतिशत का शानदार स्ट्राइक रेट दर्ज किया, जबकि भाजपा ने 10 में से 4 सीटें जीतकर गठबंधन को मजबूती दी। मुख्यमंत्री रंगासामी के साथ AINRC नेता मल्लाडी कृष्णा राव और भाजपा नेता ए. नमस्सिवायम ने भी मंत्री पद की शपथ ली। कृष्णा राव ने तेलुगु में शपथ ली, क्योंकि वे यानम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। गौरतलब है कि, नमस्सिवायम 2021 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाल ही में रंगासामी को मुख्यमंत्री नियुक्त किया था। पुडुचेरी में NDA की वापसी को दक्षिण भारत की राजनीति में भाजपा के बढ़ते प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है।