शोपियां एनकाउंटर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, लश्कर कमांडर जाकिर गनई ढेर

Follow Us

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। चार दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक शीर्ष कमांडर जाकिर गनई को मुठभेड़ में मार गिराया गया। मौके से उसका शव और हथियार बरामद किए गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान शोपियां के मीमंदर-चानपोरा इलाके में शुरू हुआ था। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, जो बाद में मुठभेड़ में बदल गया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मुठभेड़ स्थल पर दो आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। इनमें जाकिर गनई और लतीफ शामिल थे। जाकिर को लश्कर का सक्रिय कमांडर बताया गया है, जबकि दूसरे आतंकी की तलाश के लिए अभी भी अभियान जारी है।

सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि घने बाग और कठिन इलाके के कारण अभियान में कई दिन लगे। फिलहाल सुरक्षाबल पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके। सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने में लगी हुई हैं।