FBI का बड़ा एक्शन: ऑपरेशन ‘हार्ड बॉल’ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के ठिकानों पर छापेमारी, 20 गिरफ्तार

Follow Us

वॉशिंगटन। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के कथित अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। ऑपरेशन ‘हार्ड बॉल’ के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 50 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस विभागों की मदद ली गई। जांच एजेंसियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में ड्रग्स, हथियार और नकदी बरामद की गई है। एजेंसियों का उद्देश्य लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और उसके सहयोगियों से जुड़े आपराधिक ढांचे को कमजोर करना है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अभियान में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ जुड़े गोल्डी बरार और जग्गू भगवानपुरिया जैसे कथित सहयोगियों के नेटवर्क को भी निशाना बनाया गया। अमेरिका के अलावा कनाडा और यूरोप के कई स्थानों पर जांच एजेंसियों ने कार्रवाई की। गौरतलब है कि कनाडा सरकार ने पिछले साल लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया था। वहीं, लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई भी लंबे समय तक अमेरिका में रहने को लेकर जांच एजेंसियों के निशाने पर रहा है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा और यूरोप के कई देशों तक फैला हुआ है। आरोप है कि गैंग विदेशों में रह रहे भारतीयों को निशाना बनाकर रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता है।