बड़ी कामयाबी: छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर CRPF का एक्शन, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

Follow Us

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सरहद पर तैनात सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोनाबेड़ा अभ्यारण्य के घने ढेकुनपानी जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान सीआरपीएफ (CRPF) ने मौत का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई ने सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया है।

ओडिशा के कोमना पुलिस कैंप की सीआरपीएफ टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि, जंगल के भीतर भारी मात्रा में विस्फोटक छिपाए गए हैं। जवानों ने बिना वक्त गंवाए इलाके की घेराबंदी की और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। झाड़ियों और मिट्टी के नीचे छिपे इस जखीरे को ढूंढ निकालना जवानों की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

जब्त की गई सामग्री का विवरण-
70 नग जिलेटिन रॉड्स: जिनका इस्तेमाल शक्तिशाली आईईडी (IED) बनाने में होता है।

3 स्टील कंटेनर: जो धमाके की तीव्रता बढ़ाने के लिए बम के रूप में इस्तेमाल किए जाते हैं।

4 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर: विस्फोट को ट्रिगर करने के लिए जरूरी सर्किट का सामान।
यह बरामदगी सुरक्षा बलों की सतर्कता का परिणाम है। समय रहते इन विस्फोटकों को जब्त कर हमने संभावित जान-माल के बड़े नुकसान को टाल दिया है।

इस सफलता के बाद ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया है। पूरे सोनाबेड़ा अभ्यारण्य क्षेत्र में सर्चिंग ऑपरेशन को और अधिक तेज कर दिया गया है। जंगलों के चप्पे-चप्पे पर तलाशी ली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि, क्या इस नेटवर्क के तार किसी बड़े नक्सली कैंप से जुड़े हैं। सीमा पर बढ़ते दबाव के कारण नक्सलियों में खलबली मची है और सुरक्षा बल अब बैकफुट पर आए माओवादियों को पूरी तरह घेरने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।