नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी का नाम इन दिनों भारतीय क्रिकेट में तेजी से उभर रहा है। खबर है कि उन्हें जून में होने वाले भारत के आयरलैंड के लिए टीम इंडिया में चुना जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो महज 15 साल की उम्र में वह भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। चयनकर्ताओं ने उन्हें शॉर्टलिस्ट किया है और जल्द ही इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे से पहले आयरलैंड के खिलाफ 26 और 28 जून को दो टी20 मैच खेलेगी। आपको बता दें की बीसीसीआई के एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा, वैभव आयरलैंड दौरे के लिए दावेदार हैं और चयनकर्ताओं ने कई अन्य खिलाड़ियों के साथ उनका नाम भी शॉर्टलिस्ट किया है।’ सूत्र ने अखबार को बताया कि चयनकर्ता युवा खिलाड़ियों को मौका देने के मूड में हैं और वैभव इस लिस्ट में सबसे आगे हैं।
वहीं आईपीएल 2026 में वैभव का बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने इस सीजन में कई शानदार पारियां खेली हैं। इनमें आरसीबी के खिलाफ 26 गेंदों में 78 रन, सीएसके के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन और मुंबई के खिलाफ 14 गेंदों में 39 रन की पारियां शामिल हैं। उन्होंने दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ बिना किसी डर के बल्लेबाजी की है। यहां तक कि जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने अपनी निडरता दिखा दी। साथ ही जोश हेजलवुड जैसे गेंदबाजों के खिलाफ भी शानदार खेल दिखाया। चयनकर्ता वैभव को ज्यादा इंतजार नहीं कराना चाहते। हालांकि, उन्हें पहले अपेक्षाकृत कमजोर टीमों के खिलाफ मौका दिया जा सकता है। अगर उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहता है, तो आयरलैंड के अलावा जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी उनका चयन लगभग तय माना जा रहा है। आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा, ‘आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी अद्भुत रही है। यह प्रतिभाशाली खिलाड़ी इतनी कम उम्र में टीम इंडिया के लिए डेब्यू का हकदार है। इतनी कम उम्र में इतनी प्रतिभा मिलना दुर्लभ है और वह भारत के सबसे युवा डेब्यूटेंट बनने के पूरी तरह योग्य हैं।’ वहीं, पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी चयनकर्ताओं से उन्हें तुरंत मौका देने की अपील की है।
भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड फिलहाल सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था। वहीं, ओवरऑल सबसे युवा भारतीय क्रिकेटर शेफाली वर्मा हैं, जिन्होंने 15 साल सात महीने 27 दिन की उम्र में डेब्यू किया। अगर वैभव आयरलैंड दौरे पर खेलते हैं, तो वह शैफाली का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। इस दौरे के टी20 मुकाबले 26 और 28 जून को खेले जाएंगे। वैभव का खेल के प्रति नजरिया भी उन्हें खास बनाता है। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के बारे में कहा, ‘मेरे दिमाग में यह जरूर रहता है कि सामने कौन गेंदबाजी कर रहा है, लेकिन मैं कोशिश करता हूं कि गेंद को खेलूं, गेंदबाज को नहीं। मैं अपना गेम खेलने पर ध्यान देता हूं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे पिता, कोच और टीम मैनेजर रोमी भिंडर सर हमेशा कहते हैं कि सफर लंबा है, इसलिए अपने प्रोसेस और खेल पर ध्यान रखो और बाकी चीजों से ध्यान मत भटकाओ।’ आयरलैंड दौरे के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां पांच टी20 और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। इस सीरीज में सीनियर खिलाड़ियों की वापसी होगी, लेकिन आयरलैंड दौरा युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका है।
