रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रवाना हुए, जहां वे कई विकास योजनाओं और कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेता प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेस-4 से जुड़े कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। दौरे को लेकर सीएम साय ने कहा कि, पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा लगभग 750 ग्रामीण सड़क योजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और छोटे गांवों तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि, इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई रफ्तार मिलेगी और लोगों की जीवनशैली में सुधार आएगा।
सीएम साय ने राज्य सरकार की “सुशासन तिहार” पहल पर भी बात की। उन्होंने कहा कि, सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां अधिकारी सीधे जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। वहीं वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर भी सीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि, घटना के तुरंत बाद ही स्पष्ट कर दिया गया था कि, पूरे मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी। सीएम ने दोहराया कि, हादसे में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि, जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है। इस बीच जशपुर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं, जहां कई विकास कार्यों का शुभारंभ और समीक्षा की जाएगी।
