कोरबा में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रेलर से टकराई यात्री बस; 2 की मौत, 6 घायल

Follow Us

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार में रविवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से अंबिकापुर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और 108 एंबुलेंस पहुंची। सभी घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है, जबकि पांच अन्य का इलाज जारी है। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने और सड़क किनारे बिना संकेतक खड़े ट्रेलर को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। इस दुर्घटना ने नेशनल हाईवे पर खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात के समय वाहनों में रेडियम और पार्किंग लाइट नहीं होने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।