जयपुर हत्याकांड में बड़ा खुलासा: मां की मौत को हादसा बताने की कोशिश? पुलिस ने बेटी समेत कई लोगों पर जताया शक

Follow Us

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट कर्मचारी नीरज शर्मा की मौत का मामला अब सड़क हादसे से आगे बढ़कर कथित साजिश की जांच तक पहुंच गया है। पुलिस का दावा है कि यह घटना दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है। जांच में सामने आया है कि नीरज शर्मा को कथित तौर पर निशाना बनाने की कोशिश एक बार नहीं, बल्कि दो बार की गई।

पुलिस के मुताबिक, पहली कोशिश घर के बाहर किराए की गाड़ी से हमला करने की थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई। इसके बाद घर में सीसीटीवी कैमरे लगने के कारण कथित आरोपियों ने योजना बदल दी और दूसरी जगह वारदात को अंजाम देने का आरोप है। जांच एजेंसियों के अनुसार, घटना वाले दिन नीरज शर्मा अपने दिव्यांग बेटे को कोचिंग छोड़कर लौट रही थीं। इसी दौरान बेटी आयुषी शर्मा के फोन के बाद उन्होंने रास्ता बदला। पुलिस का आरोप है कि, इसके बाद स्कॉर्पियो से उनका पीछा किया गया और तेज रफ्तार में टक्कर मारी गई।

पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, नीरज शर्मा काफी दूर जा गिरीं। शुरुआती जांच में इसे सड़क दुर्घटना माना गया था, लेकिन बाद में मिले डिजिटल सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई। जांच में संपत्ति और अनुकंपा नौकरी से जुड़े पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि, मोबाइल डेटा और अन्य साक्ष्यों से मामले की कई परतें खुली हैं। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जांच आगे बढ़ रही है।