दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की बड़ी साजिश नाकाम, हत्या से पहले 3 शूटर गिरफ्तार; विदेश से मिल रहे थे निर्देश!

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन कथित शूटरों को गिरफ्तार कर एक बड़ी वारदात को टाल दिया है। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी राजधानी में एक सुनियोजित हत्या की साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे। कार्रवाई रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, टीम को जानकारी मिली थी कि गैंग से जुड़े कुछ लोग किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की। मौके पर मौजूद आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे गैंग के हैंडलर्स के संपर्क में थे और वहीं से निर्देश ले रहे थे। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी पहले भी फायरिंग जैसी कई घटनाओं में संदिग्ध रहे हैं। इस बीच, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर देश-विदेश में सुरक्षा एजेंसियों की नजर बनी हुई है। गैंग से जुड़े मामलों में कई जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। फिलहाल दिल्ली पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश किसे निशाना बनाकर रची जा रही थी और इसमें कितने लोग शामिल हैं।