कश्मीर को बड़ी सौगात: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव- सीएम उमर अब्दुल्ला की बैठक, अनंतनाग में रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस

Follow Us

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को रफ्तार देने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बीच आज एक अहम बैठक हुई। इस उच्च स्तरीय मुलाकात में घाटी में चल रहे रेलवे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई और एक ऐतिहासिक फैसला लिया गया। अब जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस का अनंतनाग में भी कमर्शियल स्टॉपेज (व्यावसायिक ठहराव) होगा। यह नया स्टॉपेज कश्मीरी व्यापारियों, स्थानीय यात्रियों और पर्यटकों के लिए सफर को बेहद आसान और तेज बना देगा।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भारतीय रेलवे की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, वंदे भारत एक्सप्रेस ने जम्मू और श्रीनगर के बीच की दूरी को कम कर सफर को विश्वस्तरीय और आरामदायक बना दिया है। इसके साथ ही उन्होंने घाटी की अर्थव्यवस्था में रेलवे के योगदान को रेखांकित किया। रेल नेटवर्क के विस्तार से कश्मीर के प्रसिद्ध फल जैसे सेब, चेरी और सीमेंट जैसे जरूरी सामानों की ढुलाई बेहद आसान हो गई है। इससे ट्रांसपोर्ट का खर्च घटा है और स्थानीय किसानों व उद्योगपतियों को देश के बड़े बाजारों तक सीधी पहुंच मिली है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जम्मू-कश्मीर के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि अनंतनाग में वंदे भारत का ठहराव स्थानीय लोगों की मांग और उनकी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में उठाया गया कदम है। रेलवे का यह नया कदम न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि कश्मीर के आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्रों को भी मजबूती से जोड़ेगा।