कोरबा। जिला पुलिस ने इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन और चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 लाख रुपये की लकड़ी और एक क्रेन जब्त की है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त जांच में मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, वन विभाग की शिकायत पर सिविल लाइन रामपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में अनुमति के बिना सात पेड़ों से प्राप्त इमारती लकड़ी के परिवहन की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने जांच के दौरान लकड़ी के परिवहन से जुड़े रास्तों और लोगों की जानकारी जुटाई। कार्रवाई में करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा लकड़ी लोडिंग और परिवहन में इस्तेमाल की गई क्रेन भी जब्त की गई। मामले में आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अवैध लकड़ी परिवहन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


