पिता के आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर कोर्ट को किया गुमराह, फर्जी दस्तावेजों के सहारे दिलाई जमानत; आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पहचान संबंधी दस्तावेजों से कथित छेड़छाड़ कर न्यायालय को गुमराह करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपने पिता के आधार कार्ड में फर्जी बदलाव कर उसे न्यायालय में इस्तेमाल किया और उसी के आधार पर अन्य मामलों के आरोपियों की जमानत भी कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस ने जयनगर थाना क्षेत्र के अजबनगर गांव के रंगपारा निवासी 34 वर्षीय देव प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोप है कि उसने अपने पिता के आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर उसमें अपना नाम दर्ज कराया और फर्जी दस्तावेज के आधार पर न्यायालय में पिता के स्थान पर स्वयं पेश हुआ।

पुलिस का दावा है कि आरोपी ने इसी कथित फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करते हुए पिता के नाम से हस्ताक्षर कर विभिन्न मामलों में आरोपियों की जमानत कराई। मामले की जांच के दौरान आरोपी को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन वह लगातार जांच में शामिल होने से बचता रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ अंबिकापुर जिले में भी इसी तरह फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर जमानत लेने से जुड़ा एक मामला जांच के दायरे में है। पुलिस इन मामलों के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और दस्तावेजों में कथित फर्जीवाड़े से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि दस्तावेजों में कथित छेड़छाड़ करने में आरोपी की मदद किसने की और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित ऋण पुस्तिका पिता के नाम पर होने के कारण आरोपी ने कथित तौर पर यह फर्जीवाड़ा किया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।