यूपी-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर सबसे बड़ी कार्रवाई: 10 करोड़ का गांजा जब्त, 50 लाख के ट्रक समेत दो तस्कर गिरफ्तार

Follow Us

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ की बलरामपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये कीमत की गांजे की विशाल खेप जब्त की है। ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही यह खेप छत्तीसगढ़ के रायगढ़, सरगुजा और सूरजपुर सहित कई जिलों को पार कर चुकी थी। लेकिन जैसे ही तस्करों का ट्रक उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर बढ़ा, बसंतपुर पुलिस ने आखिरी मूवमेंट पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। इस दौरान पुलिस ने 1,941.110 किलोग्राम गांजा, 50 लाख रुपये का ट्रक और दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 11-12 जून की दरम्यानी रात ट्रक क्रमांक $RJ-14\ GU-9078$ को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक के भीतर गुप्त रूप से छिपाकर रखे गए 62 पैकेट बरामद हुए, जिनमें लगभग 1941 किलो गांजा भरा हुआ था।मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश शर्मा (सहारनपुर, यूपी) और आशीष अंसारी (मुजफ्फरनगर, यूपी) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी लोकेश शर्मा वर्ष 2025 में दर्ज एक अन्य बड़े गांजा तस्करी मामले का भी मुख्य आरोपी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी समेत उप निरीक्षक संजीव सांड़िल्य और पूरी टीम की अहम भूमिका रही।