रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनकी 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा की है। राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने एनएचएम कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए कहा कि प्रदेश के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में एनएचएम कर्मियों का योगदान अतुलनीय है और सरकार उनके कार्यों का सम्मान करती है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा की। उन्होंने कहा कि आज भी कई स्वास्थ्य कर्मी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में पैदल चलकर और नदी-नाले पार कर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रहे हैं। उन्होंने बस्तर में चलाए जा रहे “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” का उल्लेख करते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कर रही है और अब तक लगभग 90 प्रतिशत आबादी की स्क्रीनिंग पूरी की जा चुकी है।इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि जशपुर से लेकर सुकमा तक प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में एनएचएम कर्मचारियों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की कई मांगों को पूरा किया जा चुका है और स्थानांतरण नीति भी लागू कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अब एनएचएम कर्मचारी कैशलेस उपचार योजना के दायरे में शामिल होंगे। साथ ही उनके लिए जीवन बीमा सुविधा भी लागू की गई है। इसके तहत सामान्य मृत्यु पर 6 लाख रुपये, दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 1 करोड़ 40 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में लगातार कमी आई है। इसके लिए 116 नए विशेषीकृत स्वास्थ्य केंद्रों के लिए स्थानों का चयन किया जा चुका है और नर्सों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। मुख्यमंत्री द्वारा हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा के बाद एनएचएम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, एनएचएम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
