ईरान-ओमान के बीच बड़ा समझौता करीब, नए समुद्री मार्ग पर बनी सहमति की तैयारी

Follow Us

तेहरान। दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में शामिल होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान और ओमान के बीच बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है। ईरान ने संकेत दिए हैं कि, दोनों देश एक नए समुद्री मार्ग और उसके प्रबंधन को लेकर सहमति बनाने के करीब हैं। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि, होर्मुज स्ट्रेट से जुड़े मुद्दे पर तेहरान और मस्कट के बीच वार्ता तेजी से आगे बढ़ रही है। हालांकि अभी किसी अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं, लेकिन दोनों पक्षों के बीच नए रास्ते को लेकर सकारात्मक प्रगति हुई है।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बताया कि, प्रस्तावित नया मार्ग ‘ट्रैफिक सेपरेशन स्कीम’ के तहत तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के संप्रभु अधिकारों के साथ ईरान की सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों को भी सुरक्षित रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, यह बातचीत जलडमरूमध्य को बंद करने या खोलने से जुड़ी नहीं है, बल्कि समुद्री यातायात को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए नए विकल्प पर केंद्रित है। गौरतलब है कि, होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल व्यापार का परिवहन इसी समुद्री मार्ग से होता है, इसलिए इस समझौते पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी नजर बनी हुई है।