रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट और टीवी प्रेजेंटर शेफाली बग्गा शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन रायपुर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कार्यालय पहुंचीं। ऐप के प्रचार-प्रसार में कथित संलिप्तता को लेकर ईडी अधिकारी उनसे एक बार फिर पूछताछ कर रहे हैं। इससे पहले गुरुवार को भी उनसे करीब पांच घंटे तक पूछताछ की गई थी।
सूत्रों के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों में शेफाली बग्गा की कथित भूमिका सामने आने के बाद ईडी ने उन्हें दोबारा तलब किया है। जांच एजेंसी को बेटिंग ऐप से जुड़े कुछ प्रमोशनल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री भी मिली है, जिनकी जांच की जा रही है।
ईडी की जांच में महादेव नेटवर्क के अहम आरोपी खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से शेफाली के कथित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक, खंजन महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क का प्रमुख हवाला ऑपरेटर है और भारत में इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन एवं हवाला नेटवर्क का संचालन करता था।
एजेंसी को संदेह है कि शेफाली बग्गा दुबई और लंदन जैसे विदेशी शहरों से संचालित बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार से भी जुड़ी रही हैं। फिलहाल ईडी पूरे मामले में साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ कर रही है। हालांकि, गिरफ्तारी को लेकर अब तक ईडी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
