मुंबई। टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी और अभिनेत्री मौनी रॉय हाल ही में एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों को डिनर के बाद एक साथ स्पॉट किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। अब अर्जुन बिजलानी ने इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए अपनी बात रखी है। अर्जुन बिजलानी ने सोशल मीडिया पर उन गॉसिप पेजों और क्लिकबेट पोस्ट्स पर नाराजगी जताई, जिन्होंने उनकी और मौनी रॉय की 15 साल पुरानी दोस्ती को गलत तरीके से पेश किया। उन्होंने कहा कि सिर्फ सनसनीखेज हेडलाइन या ज्यादा व्यूज पाने के लिए किसी की निजी जिंदगी को लेकर मनगढ़ंत कहानियां बनाना ठीक नहीं है।
अपने बयान में अर्जुन ने लिखा कि दो लोग, जो पिछले 15 साल से अच्छे दोस्त हैं, अचानक कपल नहीं बन जाते, सिर्फ इसलिए कि किसी गॉसिप पेज को वायरल कंटेंट चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बार लोग अपने दोस्त के साथ इसलिए खड़े होते हैं क्योंकि वह किसी मुश्किल दौर से गुजर रहा होता है। हर दोस्ती को रोमांटिक रिश्ते का नाम देना सही नहीं है। अर्जुन बिजलानी ने मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से अपील करते हुए कहा कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच करना बेहद जरूरी है। बिना पुष्टि के खबरें फैलाने से लोगों की छवि प्रभावित होती है और अनावश्यक विवाद पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि भरोसा जिम्मेदार पत्रकारिता से बनता है, क्लिकबेट हेडलाइन से नहीं। गौरतलब है कि अर्जुन बिजलानी और मौनी रॉय एक-दूसरे को करीब 15 वर्षों से जानते हैं। दोनों ने कई मौकों पर अपनी दोस्ती का जिक्र किया है और लोकप्रिय टीवी शो ‘नागिन’ में साथ काम भी किया था। इस शो में दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

