बेटी जुनेरा के बर्थडे पर अली फजल का खास सरप्राइज, पियानो बजाकर गाया ‘Happy Birthday’, VIDEO ने जीता दिल

Follow Us

मुंबई। अभिनेता अली फजल अपनी बेटी जुनेरा के पहले जन्मदिन को खास बनाने के लिए अनोखा सरप्राइज लेकर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया, जिसमें वह पियानो बजाते हुए अपनी नन्ही बेटी के लिए ‘Happy Birthday’ गाना गाते नजर आए। पिता और बेटी के इस प्यारे पल ने फैंस का दिल जीत लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के साथ अली फजल ने अपनी बेटी के लिए एक भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने बताया कि उन्होंने हाल ही में पियानो बजाना सीखना शुरू किया है और यह धुन खास तौर पर जुनेरा के जन्मदिन के लिए तैयार की थी। उन्होंने लिखा, “मेरी प्यारी बच्ची को जन्मदिन मुबारक। मैंने हाल ही में पियानो बजाना सीखना शुरू किया है और यह सिर्फ तुम्हारे जन्मदिन के लिए सीखने की कोशिश थी। अगली बार मैं और भी अच्छा बजाऊंगा। बाबा और मम्मा की तरफ से तुम्हें ढेर सारा प्यार।”

अली फजल की पत्नी और अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने भी इस पोस्ट पर प्यार जताते हुए कमेंट में “Blessed” लिखा। फैंस ने दोनों को एक आदर्श कपल और प्यार करने वाले माता-पिता बताते हुए बेटी के लिए किए गए इस खास सरप्राइज की जमकर तारीफ की। वर्कफ्रंट की बात करें तो अली फजल हाल ही में प्राइम वीडियो की क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘राख’ में जयप्रकाश जाटव के किरदार में नजर आए। इस सीरीज में उनके साथ सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए। 1970 के दशक के आखिर की दिल्ली की पृष्ठभूमि पर आधारित यह सीरीज चर्चित रंगा-बिल्ला कांड से प्रेरित बताई जाती है। आने वाले समय में अली फजल अपने लोकप्रिय किरदार गुड्डू पंडित के रूप में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे। यह फिल्म चर्चित वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ पर आधारित एक बड़े एक्शन-क्राइम ड्रामा के रूप में तैयार की जा रही है।