पहले प्रेमी की हत्या कर शव जलाया, प्रेमिका को उम्रकैद; फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी

Follow Us

रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े बहुचर्चित हत्या मामले में अपर सत्र न्यायालय ने आरोपी युवती को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। युवती ने अपने दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर पहले प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और सबूत मिटाने के लिए शव पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी थी। मामले में दूसरा आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

अपर लोक अभियोजक राजेश सिंह ठाकुर के अनुसार, 2 मार्च 2021 को ग्राम भोजपुर के कोटवार ने कापू थाने में सूचना दी थी कि देवा उर्फ लखन सिदार ने कथित तौर पर खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आत्महत्या कर ली है। सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि घटना वाली रात देवा अपनी प्रेमिका यशोदा उर्फ दशोदा सारथी से मिलने आया था। वहां उसने यशोदा को उसके दूसरे प्रेमी दुष्यंत यादव के साथ देख लिया, जिससे विवाद हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद के बाद यशोदा और दुष्यंत ने मिलकर देवा का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। अगले दिन यशोदा ने गांव के कोटवार को आत्महत्या की झूठी सूचना दी। पूछताछ में उसने हत्या और शव जलाने की बात स्वीकार की थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में चालान पेश किया।

अपर सत्र न्यायाधीश घरघोड़ा अभिषेक शर्मा ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर यशोदा उर्फ दशोदा सारथी को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास तथा अर्थदंड की सजा सुनाई। साथ ही मृतक के परिजनों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से ₹1 लाख की प्रतिकर राशि देने की अनुशंसा की गई है। वहीं मामले के फरार आरोपी दुष्यंत यादव की तलाश पुलिस लगातार कर रही है।