राजस्थान के किलों से आगे बढ़िए, जवाई में देखिए पहाड़ियों के बीच तेंदुओं का अद्भुत संसार

Follow Us

नई दिल्ली। राजस्थान की पहचान सिर्फ भव्य महलों, ऐतिहासिक किलों और रेगिस्तान तक सीमित नहीं है। राज्य में कई ऐसी अनोखी जगहें भी हैं, जहां प्रकृति और वन्यजीवन का शानदार मेल देखने को मिलता है। इन्हीं में से एक है पाली जिले का जवाई, जिसे भारत की “लेपर्ड कैपिटल” के नाम से भी जाना जाता है।

अरावली की ग्रेनाइट पहाड़ियों और प्राकृतिक गुफाओं से घिरा जवाई पर्यटकों के लिए एक बेहतरीन ऑफबीट डेस्टिनेशन बन चुका है। यहां तेंदुए अपने प्राकृतिक आवास में खुलेआम घूमते नजर आते हैं। जवाई लेपर्ड सफारी के दौरान पर्यटक इन खूबसूरत जीवों को करीब से देखने का रोमांचक अनुभव ले सकते हैं। जवाई बांध भी यहां का प्रमुख आकर्षण है, जहां पक्षियों की कई प्रजातियां देखने को मिलती हैं। खूबसूरत सूर्यास्त के नजारे इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं।

इसके अलावा देवगिरि गुफा मंदिर भी पर्यटकों को आकर्षित करता है। चट्टानों को काटकर बनाए गए इस मंदिर का धार्मिक और प्राकृतिक महत्व दोनों हैं। जवाई की सबसे खास बात यहां रहने वाली रबारी जनजाति और तेंदुओं के बीच का अनोखा संबंध है। स्थानीय लोग तेंदुओं को प्रकृति का हिस्सा मानते हैं और सदियों से दोनों के बीच संतुलन बना हुआ है। अगर आप रोमांच, प्रकृति और संस्कृति का अनोखा अनुभव चाहते हैं, तो जवाई आपकी अगली यात्रा के लिए एक शानदार विकल्प हो सकता है।