देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अपने निवेशकों के लिए बड़ी घोषणा की है। कंपनी ने पहली बार बोनस इश्यू लाने का फैसला किया है, जिसके तहत हर एक शेयर पर एक अतिरिक्त शेयर फ्री दिया जाएगा। यानी निवेशकों को 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर मिलेंगे।
यह प्रस्ताव 13 अप्रैल को हुई बोर्ड बैठक में मंजूर किया गया और बाद में एक्सचेंज फाइलिंग के जरिए इसकी जानकारी दी गई। हालांकि, इस बोनस इश्यू के लिए रिकॉर्ड डेट अभी तय नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद है कि, 12 जून 2026 तक शेयरधारकों के डीमैट अकाउंट में बोनस शेयर जमा हो जाएंगे। कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत बनी हुई है। दिसंबर 2025 तिमाही में LIC का कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ 17.4% बढ़कर 12,930 करोड़ हो गया, जबकि शुद्ध प्रीमियम आय भी बढ़कर 1.25 लाख करोड़ तक पहुंच गई। नए कारोबार से मिलने वाला प्रीमियम भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है।
शेयर प्रदर्शन की बात करें तो LIC ने 2022 में 949 के IPO प्राइस पर बाजार में एंट्री की थी। शुरुआती गिरावट के बाद शेयर ने धीरे-धीरे रिकवरी की और अगस्त 2024 में 1,221.50 का हाई बनाया। फिलहाल शेयर करीब 804 के आसपास ट्रेड कर रहा है। बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद, यह बोनस इश्यू निवेशकों के लिए लंबी अवधि में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
