गरियाबंद। जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र के ग्राम घुमरापदर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही सगे भाई पर तीर-कमान से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे जीजा को भी आरोपी ने निशाना बनाया, जिससे वह भी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कमार भुंजिया जनजाति के गनसिंह कमार पर उनके सगे भाई रज्जो कमार ने तीर-कमान से हमला कर दिया। हमले में तीर पीड़ित की पीठ में गहराई तक धंस गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे घायल के जीजा पर भी आरोपी ने तीर-कमान से हमला कर दिया। उन्हें भी चोटें आई हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे आपसी या जमीन संबंधी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद आरोपी रज्जो कमार फरार हो गया। अमलीपदर थाना पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की विवेचना जारी है।
